*तांबो चौक पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, ओवरलोडिंग करने वाले छह वाहनों पर जुर्माना*


चाईबासा: जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन के नेतृत्व में तांबो चौक के समीप पैसेंजर बसों और छोटे सवारी वाहनों के खिलाफ सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बसों, ऑटो और मैजिक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर परिचालन करने वाले वाहनों और ओवरलोडिंग पर रोक लगाना था। जांच के दौरान ऐसे वाहनों की भी जांच की गई, जिनमें बच्चों और विद्यार्थियों को असुरक्षित तरीके से बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ ऑटो और मैजिक वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा है और कई बार यात्रियों को वाहन की छत पर भी बैठाकर ले जाया जाता है।मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन ने बताया कि जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर नियमों का उल्लंघन करने वाले सवारी वाहनों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बन सकता है। क्षमता से अधिक भार होने पर वाहन को नियंत्रित करने में परेशानी होती है, ब्रेक लगाने में अधिक समय लगता है और तेज गति या मोड़ के दौरान वाहन पलटने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा टायर फटने, इंजन, सस्पेंशन और अन्य तकनीकी हिस्सों पर अधिक दबाव पड़ने की संभावना रहती है।परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन की आरसी में दर्ज क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं। वाहन की छत पर यात्रियों या सामान को नहीं रखें और निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए वाहन चलाएं।वहीं यात्रियों से भी क्षमता से अधिक सवारी वाले वाहनों में सफर नहीं करने की अपील की गई है। ओवरलोडिंग या तेज गति से वाहन चलाने की स्थिति में इसकी सूचना परिवहन विभाग या ट्रैफिक पुलिस को देने को कहा गया है।जांच अभियान के दौरान वाहन की छत पर यात्रियों को बैठाकर परिचालन करते पाए गए कुल छह वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।

Comments

और नया पुराने