*मझगांव विधायक और उपायुक्त ने क्षेत्र का किया भ्रमण, पेयजल, आवास और आजीविका योजनाओं की ली जानकारी*


मंझगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड क्षेत्र का मझगांव विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का जायजा लिया। इस दौरान पेयजल व्यवस्था, ग्रामीण आवास योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों की समीक्षा की गई।भ्रमण के दौरान विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार ने गुड़गांव स्थित मझगांव वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट की वर्तमान स्थिति, तकनीकी जरूरतों और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली गई।  

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्लांट को जल्द शुरू करने के लिए सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।इसके बाद विधायक और उपायुक्त बलियापोसी पंचायत अंतर्गत कुम्हार टोली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवास की लाभुक सोमबारी हेस्सा के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए। गृह प्रवेश के बाद लाभुक को प्रेशर कुकर प्रदान किया गया। इस दौरान विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उद्देश्य है। वहीं उपायुक्त ने लाभुक परिवार से योजना के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी ली और अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश अधिकारियों को दिया।भ्रमण के अंतिम चरण में मझगांव बाजार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से संचालित आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया गया। यहां महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित और एकत्रित आमों की बिक्री व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।इस अवसर पर विधायक नीरल पूर्ति ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे बिक्री केंद्रों से समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं की आजीविका बढ़ाने और ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रहा है।भ्रमण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Comments

और नया पुराने