*खरीफ कर्मशाला में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी, बीज वितरण के साथ योजनाओं से जुड़ने का आह्वान*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम में बेहतर उत्पादन के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग दीपक बिरुआ, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक नीरल पूर्ति, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने किसानों तक कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से बिरसा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 यह रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, बीज उपचार, प्राकृतिक खेती और कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जागरूक करेगा।इसके साथ ही झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए आम बिक्री स्टॉल और पलाश स्टॉल का उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर महिला समूहों के कार्यों की सराहना की और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से 19 किसानों के बीच धान बीज का वितरण किया गया। वहीं जेएसएलपीएस से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती देने के लिए क्रेडिट लिंकेज के तहत डमी चेक प्रदान किया गया। कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 15 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों की समृद्धि से ही गांवों का विकास संभव है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।मझगांव विधायक नीरल पूर्ति ने किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज और वैज्ञानिक खेती पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया। मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने किसानों से खेती के साथ बागवानी, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी।उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की उन्नति और कृषि विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग, आत्मा, जेएसएलपीएस सहित अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ लेने और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने का आग्रह किया।कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसल उत्पादन, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने तथा झारखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

Comments

और नया पुराने