कोबरा सांप के काटने से युवक गंभीर, सदर अस्पताल में एंटी वेनम देकर बचाई गई जान

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में शनिवार रात को कोबरा सांप के काटने से 40 वर्षीय कृष्णा होनहागा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णा होनहागा नशे की हालत में कोबरा सांप को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने उनके हाथ और पैर में काट लिया। घटना के बाद गांव के युवा साथी बागुन होनहागा ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल इलाज के लिए खुंटपानी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासाहातु पहुंचाया।बासाहातु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण यह निर्णय लिया गया।सदर अस्पताल चाईबासा में चिकित्सकों ने कृष्णा होनहागा को एंटी वेनम की डोज दी, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार होने लगा। फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है।घटना की जानकारी मिलने पर खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।इस मौके पर प्रखंड प्रमुख ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप काटने की स्थिति में ओझा-गुनी या झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए। उन्होंने रात के समय मच्छरदानी लगाकर सोने, अंधेरे में टॉर्च का उपयोग करने तथा घर में सांप घुसने पर उसे पकड़ने या छेड़ने की बजाय विशेषज्ञों की सहायता लेने की सलाह दी।समय पर उपचार मिलने और एंटी वेनम दिए जाने के कारण कृष्णा होनहागा की जान बच गई, जिससे उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Comments

और नया पुराने