चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ओडिशा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस शासन को लेकर दिए गए बयान पर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने प्रधानमंत्री के बयान को तथ्यों से परे और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।त्रिशानु राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले नेताओं में शामिल हैं, लेकिन अपनी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष को जिम्मेदार ठहराने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत के विकास की नींव कांग्रेस सरकार की नीतियों से पड़ी है।उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में इस्पात संयंत्र, खनन उद्योग, रेलवे नेटवर्क, बंदरगाह, शिक्षा संस्थान और सार्वजनिक क्षेत्र के बड़े उपक्रम कांग्रेस सरकार की नीतियों का परिणाम हैं।प्रदेश कांग्रेस मीडिया और कम्युनिकेशन विभाग के सदस्य सन्नी सिंकु ने कहा कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में आज भी बेरोजगारी, महंगाई, विस्थापन, किसानों की समस्या और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अगर पूर्वी भारत में वास्तविक विकास हुआ होता तो युवाओं का बड़े पैमाने पर पलायन नहीं होता।उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में पूर्वी भारत में कितने बड़े उद्योग स्थापित किए गए, कितनी सरकारी नौकरियां दी गईं और आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों के लिए कौन-कौन सी योजनाएं जमीन पर उतारी गईं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का विकास किसी एक दल या व्यक्ति की उपलब्धि नहीं बल्कि सभी के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल भाषण नहीं बल्कि वास्तविक विकास और जवाबदेही चाहती है।इस मौके पर कांग्रेस के जगदीश सुंडी, मो. तस्लीम अंसारी, बुल्लू दास, विशाल गुढ़िया, फिरोज अशरफ, शैली शैलेन्द्र सिंकु, जुम्बल सुंडी, नारायण सिंह पूर्ति, बारो प्रधान तियु, सुशील दास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Tags
चाईबासा
Comments