रंगदारी के लिए कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी दबोचा गया, पुलिस पहले ही कई आरोपियों को भेज चुकी है जेल


जमशेदपुर: जुगसलाई में कपड़ा दुकानदार से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के बहुचर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मोहित बाग उर्फ थाटो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, 15 मई को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर मैरून रंग की वैगनआर कार से पहुंचे अपराधियों ने रंगदारी की मांग करते हुए फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे।

 घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।जांच में मनीष सिंह गिरोह के कुख्यात अपराधियों सन्नी सिंह सरदार, सागर उपाध्याय उर्फ बिक्कू मात्रे, बानेश्वर नामता उर्फ मानस, अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन और मोहित बाग उर्फ थाटो की संलिप्तता सामने आई थी। 

इनमें से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मोहित बाग लगातार फरार चल रहा था।पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर स्थित उसके घर के पास छापेमारी कर मोहित बाग को गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले इस मामले में राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलु, अंकित सोनकर और शिवम रामटेके को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस इस कांड में अब तक पांच देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार भी बरामद कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अपराधियों के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

Comments

और नया पुराने