सरायकेला-खरसावां: जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कपाली ओपी क्षेत्र से एक बोलेरो वाहन से तीन गाय बरामद की हैं। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के बावजूद वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन संख्या OR09O-3887 में अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में वाहन की घेराबंदी की गई।
पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध बोलेरो को रोकने का प्रयास किया, चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और कपाली की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद चालक हासमी मोहल्ला पहुंचा, जहां उसने बोलेरो को सड़क किनारे छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके भीतर से तीन गाय बरामद हुईं। इसके बाद मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया। बरामद गायों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। चालक की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। साथ ही इस अवैध परिवहन में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
सरायकेला / खरसावां
Comments