*झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष शबनम परवीन ने किया पश्चिमी सिंहभूम का दौरा, खाद्य सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की*


चाईबासा: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या शबनम परवीन ने दो दिवसीय पश्चिमी सिंहभूम दौरे के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


 परिसदन में जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।दौरे के पहले दिन शबनम परवीन ने सदर अस्पताल स्थित कुपोषण उपचार केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती बच्चों और उनकी माताओं से उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता में सुधार, भोजन का मेन्यू प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा लाभुकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


 लाभुकों को प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए केंद्र प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही भुगतान में आने वाली समस्याओं से आयोग को लिखित रूप से अवगत कराने को कहा।दूसरे दिन उन्होंने खूंटपानी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बदिया का निरीक्षण किया। यहां छात्राओं से बातचीत कर भोजन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

 छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और नियमित उपलब्धता पर संतोष जताया।इसके बाद उन्होंने उपर लोटा और बारीपी गांव में जन वितरण प्रणाली की स्थिति का जायजा लिया। लाभुकों ने कुछ स्थानों पर कम मात्रा में राशन मिलने की शिकायत की। इस पर संबंधित अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पीडीएस विक्रेता के खिलाफ पहले ही निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।

 शबनम परवीन ने जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रभावित लाभुकों को मुआवजे सहित बकाया राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान कुछ बुजुर्ग लाभुकों ने ई-पॉस मशीन में अंगूठे का निशान दर्ज नहीं होने की समस्या बताई। 

इस पर उन्होंने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर समस्या का शीघ्र समाधान करने और नियमित क्षेत्र भ्रमण कर शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।शबनम परवीन ने सदर प्रखंड के मॉडल आंगनबाड़ी प्री-नर्सरी स्कूल, किलीगोट का भी निरीक्षण किया।

 यहां बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्रतिदिन अंडा नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नियमित रूप से पोषाहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।दौरे के समापन पर परिसदन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के क्रियान्वयन, आयोग में लंबित शिकायतों, निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतों तथा झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष की समीक्षा की गई। 

प्रभारी अध्यक्ष ने जरूरतमंद लोगों को आकस्मिक खाद्यान्न उपलब्ध कराने, पात्र लोगों का राशन कार्ड शीघ्र बनाने तथा आयोग में लंबित शिकायतों पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया। वहीं निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित कर इसकी सूचना आयोग को उपलब्ध कराने का निर्देश अपर उपायुक्त सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी को दिया।समीक्षा बैठक में अपर उपायुक्त सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, संबंधित अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने