जादूगोड़ा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय +2 में नौ शिक्षकों के भरोसे 700 छात्र-छात्राएं, इंटर कक्षाओं के लिए एक भी शिक्षक नहींजादूगोड़ा: पोटका प्रखंड अंतर्गत जादूगोड़ा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय +2 को अपग्रेड हुए चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए एक भी शिक्षक की पदस्थापना नहीं की गई है। ऐसे में विद्यालय में अध्ययनरत सैकड़ों छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है।विद्यालय की प्राचार्या रीना कुमारी ने बताया कि वर्ष 2023 में विद्यालय को शिक्षा विभाग द्वारा +2 का दर्जा प्रदान किया गया था, लेकिन इंटरमीडिएट कक्षाओं के लिए अब तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इस कारण मध्य विद्यालय के शिक्षक ही 11वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई करा रहे हैं, जो पर्याप्त नहीं है।उन्होंने बताया कि विद्यालय में 11वीं कक्षा में 268 तथा 12वीं कक्षा में 138 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। वहीं पहली से बारहवीं तक कुल लगभग 700 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जिम्मेदारी केवल नौ शिक्षकों के कंधों पर है।प्राचार्या ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग से शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और शिक्षा मिल सके।इधर क्षेत्र के अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधीक्षक से 11वीं और 12वीं कक्षा के लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।अब सभी की निगाहें जिला शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि आखिर कब इस विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर होगी और इंटर के छात्रों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
Tags
जादूगोड़ा
Comments