गैस कटर से लोहा काटकर चोरी की तैयारी कर रहे थे चोर, पुलिस ने छापेमारी कर 6 आरोपियों को दबोचा; ऑक्सीजन सिलेंडर समेत कई उपकरण बरामद


खरसावाँ के बंद पड़े अभिजीत प्लांट में चोरी की कोशिश नाकाम, 6 आरोपी गिरफ्तारसरायकेला-खरसावाँ: खरसावाँ थाना क्षेत्र के ग्राम बुरूडीह स्थित बंद पड़े अभिजीत प्लांट में लोहा चोरी करने की तैयारी कर रहे छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनका उपयोग प्लांट के लोहे को काटने में किया जा रहा था।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 जून की शाम करीब 7:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बंद पड़े अभिजीत कारखाने में गैस कटर की मदद से लोहे को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।गठित टीम ने बुरूडीह स्थित प्लांट परिसर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर छह आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप और अन्य उपकरण जब्त किए गए।गिरफ्तार आरोपियों में सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो, शिवचरण होनहागा, नाया सुंडी, मेघलाल बिरूली, अजय हेम्ब्रम तथा राकेश सरदार शामिल हैं। सभी आरोपी सरायकेला-खरसावाँ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो के खिलाफ पूर्व में भी खरसावाँ थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।बरामद सामानों में दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो गैस सिलेंडर, गैस कटर पाइप, गैस कटर, रेगुलेटर, रेंच और विभिन्न प्रकार के नोजल शामिल हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, पु०अ०नि० अवधेश राय, स०अ०नि० बाबुजी बास्के, हरेन्द्र प्रसाद सिंह सहित खरसावाँ थाना की सैट टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments

और नया पुराने