करिम सिटी कॉलेज में विश्व मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता दिवस पर "पीरियड एंड परिवर्तन" कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर, 30 मई 2026: राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), करिम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर द्वारा फेमफ्यूचर कलेक्टिव एवं महिला प्रकोष्ठ के सहयोग से विश्व मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता दिवस 2026 के अवसर पर कॉलेज ऑडिटोरियम में "पीरियड एंड परिवर्तन" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को दूर करना, महिलाओं एवं किशोरियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना था।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी जागरूकता आज के समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस विषय पर खुलकर चर्चा करने तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को प्राथमिकता देना आवश्यक है।राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आले अली ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी इसे लेकर समाज में अनेक भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इन भ्रांतियों को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. कौसर तस्नीम ने अपने संबोधन में कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 
उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि इस विषय पर खुलकर बातचीत करना समय की मांग है। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक सैयद साजिद परवेज़ भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने विचार साझा किए और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सम्मान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का समापन महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान, समानता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Comments

और नया पुराने