छाया बालिका गृह का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त मनीष कुमार, बालिकाओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को छाया बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां रह रही बालिकाओं की देखभाल, सुरक्षा, शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के बारे में जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बालिकाओं को शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और जीवन मूल्यों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने नियमित अध्ययन करने, सकारात्मक सोच अपनाने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उपायुक्त ने बालिका गृह में उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, 

भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बालिका गृह प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों को बेहतर आवासीय सुविधा, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को नियमित रूप से भोजन दिया जाए तथा शैक्षणिक गतिविधियों और कक्षाओं का संचालन तय कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक और आनंदमय वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि बच्चों की रुचि के अनुरूप खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए, ताकि उनके मानसिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा मिल सके।इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Comments

और नया पुराने