आदित्यपुर में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, होटल और वॉशिंग सेंटर में छापेमारी कर चार नाबालिग बच्चों को कराया गया मुक्त


आदित्यपुर: राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग (भारत सरकार) के निर्देश पर बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना एवं युवा संस्था की संयुक्त टीम ने आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान होटल और वॉशिंग सेंटर से चार नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया।संयुक्त टीम ने एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स से दो नाबालिग बच्चों तथा अंबेडकर चौक के समीप एक वॉशिंग सेंटर से दो अन्य नाबालिगों को रेस्क्यू किया। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को बाल श्रम कानूनों के उल्लंघन पर सख्त चेतावनी दी गई तथा कानूनी कार्रवाई के लिए उनका विवरण भी दर्ज किया गया।बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज़ हैदर ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से नाबालिग बच्चों को रोजगार पर नहीं रखने तथा इस संबंध में आवश्यक सूचना प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने की अपील की।छापेमारी अभियान में श्रम विभाग की एलईओ रूबी कुमारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य सैयद अयाज़ हैदर, चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, समीर कुमार महतो, सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति तथा आरआईटी थाना के आनंद कुमार अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ शामिल रहे।

Comments

और नया पुराने