धालभूमगढ़: जुगीशोल पंचायत के चतरो एवं पांडूदा गांव में रजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत छऊ नाच, डांस एवं नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। राज्यसभा चुनाव के कारण स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनके निर्देश पर प्रतिनिधियों ने पुरस्कार वितरण समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन चंद्र हांसदा, मुखिया चंपा रानी मुर्मू, ग्राम प्रधान रंजन मुंडा तथा प्रमुख प्रतिनिधि लखन हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अर्जुन चंद्र हांसदा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण कलाकारों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। रजो संक्रांति के इस आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊर्जा देने का काम किया।
Tags
धलभूमगढ़
Comments