जमशेदपुर, 21 जून : बिहार के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के जवनिया गांव निवासी भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के विरोध में रविवार को साकची गोलचक्कर पर कैंडल मार्च सह विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। इस दौरान मृतक भरत तिवारी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मामले में कानून और संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन आवश्यक है। यदि बिना पारदर्शिता के कार्रवाई होती है तो इससे आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ता है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी की मौत से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के वरिष्ठ सदस्य कमल किशोर ने कहा कि आज के समय में लोग संस्कार और संवेदनाओं से दूर होते जा रहे हैं, जिसके कारण न्याय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर कई गंभीर प्रश्नों को जन्म देता है और इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।साथ ही सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, उचित आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग भी की गई। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर भरत तिवारी की स्मृति को नमन किया और चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस अवसर पर संतोष तिवारी, बलबीर मंडल, दीपक सिंह, अप्पू तिवारी, प्रकाश दुबे, संजय यादव, पवन तिवारी, राहुल तिवारी, ऋषभ सिंह, नवीन राय, हेमंत पाठक, संजय तिवारी, सोनू तिवारी, विष्णु मोहंती समेत कई लोग उपस्थित थे।
Tags
जमशेदपुर
Comments