जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना पुलिस ने तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी जिला प्रशासन के तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करते हुए जमशेदपुर शहर में सक्रिय था और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की सूचना पुलिस को लगातार मिल रही थी।पुलिस के अनुसार, 20 जून की रात करीब 10:10 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रामनगर स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाला दीपक तिवारी उर्फ काना, जिसे अपराध नियंत्रण अधिनियम अध्यादेश-2002 की धारा 3(3) के तहत 18 अप्रैल 2026 से 17 जुलाई 2026 तक के लिए जिला बदर (तड़ीपार) किया गया है, आदेश की अवहेलना कर बागबेड़ा थाना क्षेत्र सहित जमशेदपुर शहर में सक्रिय है।तड़ीपार अवधि के दौरान आरोपी के शहर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध था। इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की नीयत से सक्रिय था। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और सरकारी आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तड़ीपार अवधि के दौरान भी दीपक तिवारी के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पहला मामला बागबेड़ा थाना कांड संख्या 37/2026 है, जो 6 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। दूसरा मामला बागबेड़ा थाना कांड संख्या 46/2026 है, जो 13 जून 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20(B)(II)A, 22(b) और 29 के तहत दर्ज किया गया था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।बागबेड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags
जमशेदपुर क्राइम
Comments