NEET परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के कलावा काटे जाने के आरोप पर विहिप ने जताया विरोध

जमशेदपुर। NEET-UG परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर कुछ हिंदू छात्रों के कलावा काटे जाने के आरोप को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने कड़ी आपत्ति जताई है। विहिप के सिंहभूम विभाग मंत्री अरूण सिंह ने इसे सनातन धर्म की आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन से मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।जारी प्रेस विज्ञप्ति में अरूण सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच प्रक्रिया का विरोध नहीं है, लेकिन धार्मिक आस्था के प्रतीक कलावा को जबरन हटाने या काटने की शिकायतें गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाएं हुई हैं तो यह धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़ा मामला है और इस पर प्रशासन को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न संस्थानों और प्रतिष्ठानों में तिलक एवं कलावा जैसे धार्मिक प्रतीकों को लेकर आपत्तियां जताई जाती रही हैं, जो उचित नहीं है। विहिप ने कहा कि धार्मिक पहचान और आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए तथा किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं किया जाना चाहिए।विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई और धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान नहीं किया गया तो संगठन इस मुद्दे को लेकर आंदोलन का रास्ता अपना सकता है।संगठन ने इस मामले में संबंधित परीक्षा प्रबंधन, अधिकारियों और जिला प्रशासन से संवाद कर अपनी आपत्ति दर्ज कराने की बात कही है।नोट: यह बयान विश्व हिन्दू परिषद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। परीक्षा केंद्रों पर कलावा काटे जाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

Comments

और नया पुराने