धनबाद। जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंगालो गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक ताड़ के पेड़ में आग लग गई। घटना के दौरान घर में मौजूद एक महिला को करंट का झटका भी महसूस हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को तेज बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली खिरोद राय के बगान में स्थित एक ताड़ के पेड़ पर गिर गई। बिजली गिरते ही पेड़ धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।घटना के समय घर में मौजूद खिरोद राय की छोटी बहू को भी करंट का झटका महसूस हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी सहायता की। कुछ समय बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई।आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग काफी देर तक घटनास्थल पर जुटे रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान क्षेत्र में लगातार बिजली चमक रही थी। अचानक हुई इस घटना ने लोगों को भयभीत कर दिया। हालांकि किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।प्रशासन और मौसम विभाग समय-समय पर लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील करते रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने से ऐसे हादसों से बचा जा सकता है।
Tags
धनबाद
Comments