चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लतारसिका और चेतनसिका गांव में अवैध महुआ शराब के निर्माण के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित करीब पांच महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।
साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और लगभग 2000 लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।यह संयुक्त अभियान मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों गांवों के जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित किया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया।अभियान के दौरान मौके से शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन, ड्रम, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त कर नष्ट किए गए।
हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही शराब बनाने में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कार्यों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध महुआ शराब न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए पुलिस और उत्पाद विभाग मिलकर ऐसे कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।मुफस्सिल थाना और उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से संयुक्त अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Tags
CHAIBASHA
Comments