*गुड़ाबांदा में रक्तदान महादान का संदेश, 60 रक्तवीरों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान*
गुड़ाबांदा: गुड़ाबांदा प्रखंड के पंचायत भवन परिसर में रविवार को कुड़मी संस्कृति विकास समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डांगुर कोड़ाह, प्रमुख सुभजीत मुंडा, उप प्रमुख रतन लाल राउत, उप निरीक्षक गोयेंदा उरांव, राजेश हांसदा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद की जान न जाए, इसी उद्देश्य से इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाता है। बीडीओ डांगुर कोड़ाह ने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और इससे शरीर को भी लाभ मिलता है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2012 में इस अभियान की शुरुआत की गई थी। तब से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पहले जहां क्षेत्र हिंसा के लिए जाना जाता था, वहीं आज लोग मानवता की सेवा के लिए आगे बढ़कर रक्तदान कर रहे हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
शिविर का शुभारंभ पूर्व नक्सली भगलू सिंह ने पहला रक्तदान कर किया। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने गलत रास्ता चुना था, लेकिन अब समाज सेवा के माध्यम से लोगों की मदद करना ही उनका उद्देश्य है। रक्तदान कर उन्हें आत्मसंतोष और पुण्य का अनुभव होता है।
शिविर में कुल 68 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 60 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं में 52 पुरुष एवं 8 महिलाएं शामिल रहीं। सभी रक्तवीरों को बुके एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भूषण महतो, रविंद्र नाथ महतो, अमित महतो, उमाकांत चौधरी, देवाशीष प्रधान, सुशांत मल्लिक सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Tags
गुडाबंधा
Comments