जमशेदपुर के नए SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब सख्त, अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस का निर्देश


जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पुलिस अधिकारी एक टीम की तरह कार्य करें और जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करें।SSP ने कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, 

उन्हें बैठने की व्यवस्था और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई की जाए।बैठक में उन्होंने अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, शराब, अवैध बालू कारोबार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित थाना प्रभारी को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।SSP ने अवैध हथियार, चाकू और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। 

साथ ही दागी और गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की थाना हाजिरी सुनिश्चित करने तथा उन्हें भविष्य में अपराध नहीं करने की चेतावनी देने को कहा।उन्होंने थाना गश्ती, PCR और टाइगर मोबाइल को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थान, ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। 

वहीं यातायात थाना प्रभारियों को चेतावनी दी गई कि यातायात संचालन के नाम पर आम लोगों को परेशान न किया जाए और ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।इस बैठक को नए SSP की कार्यशैली का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है, जिसमें कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस की जनसुलभ छवि बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

Comments

और नया पुराने