घाटशिला में सड़क निर्माण के भूमि पूजन के दौरान हंगामा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सांसद- विधायक के आश्वासन के बाद शांत हुआ विरोधघाटशिला। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला प्रखंड में गुरुवार को NH-18 फूलडूंगरी से वाया कुरुडीह तक प्रस्तावित 24.1 किलोमीटर सड़क निर्माण (CRIF क्षेत्र पथवार योजना) के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में अपने गांव की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा।भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद और विधायक ने नारियल फोड़कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।ठीकरी गांव के ग्रामीणों ने किया विरोधकार्यक्रम के दौरान कुरुडीह डैम के समीप स्थित ठीकरी गांव के ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कहा कि सड़क योजना में केवल कुरुडीह गांव को प्राथमिकता दी गई है, जबकि आसपास के अन्य गांवों की उपेक्षा की गई है। नाराज ग्रामीणों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, ने सड़क जाम कर दिया और वहां से गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया। इस दौरान स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलनस्थिति बिगड़ती देख सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक रामदास सोरेन ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि फिलहाल आवागमन के लिए अस्थायी रास्ता तैयार कराया जाएगा तथा विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थायी सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और कार्यक्रम आगे बढ़ सका।भारी बारिश के बीच संपन्न हुआ भूमि पूजनविरोध समाप्त होने के बाद सांसद और विधायक मंच पर पहुंचे, जहां भूमि पूजन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लगातार हो रही बारिश के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद रही।सांसद ने केंद्र-राज्य समन्वय पर दिया जोरसांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह सड़क योजना केंद्र सरकार की है, जबकि इसके क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने कहा कि केवल नारेबाजी से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि सभी को एक परिवार की तरह मिलकर विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए।उन्होंने दालभूमगढ़ हवाई पट्टी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय विधायक के साथ मिलकर वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे और दालभूमगढ़ में हवाई अड्डे के विकास के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।ये लोग रहे उपस्थितकार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू, सौरव बोस, बाघ राय मंडी, विकास मजूमदार, काजल डॉन, धालभूमगढ़ से सांसद प्रतिनिधि सह जिला अध्यक्ष विश्वनाथ बेहरा, सोमेन मित्रा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हांसदा, जिला उपाध्यक्ष प्रणव कुमार महतो, गुड़ाबांदा के महामंत्री गोरचंद पात्र, धीरेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर शिलापट्ट नहीं लगाए जाने के कारण सड़क निर्माण की स्वीकृत लागत को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार योजना की अनुमानित लागत लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

Comments

और नया पुराने