*सारंडा व पोड़ाहाट वन प्रमंडलीय कार्यालय के स्थानांतरण की मांग, भारत आदिवासी पार्टी ने सरकार से की पहल की अपील*


चाईबासा: भारत आदिवासी पार्टी के पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुशील बारला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सारंडा और पोड़ाहाट वन क्षेत्रों के प्रमंडलीय कार्यालयों का स्थानांतरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरंडा वन प्रमंडल करीब 860.44 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसका अधिकांश हिस्सा मनोहरपुर और नोवामुंडी प्रखंडों में स्थित है।

सुशील बारला ने कहा कि यदि सरंडा वन प्रमंडलीय कार्यालय को मनोहरपुर तथा पोड़ाहाट वन क्षेत्र के प्रमंडलीय कार्यालय को सोनुवा में स्थापित किया जाता है तो वन क्षेत्र का निरीक्षण, गश्ती और वन प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। साथ ही जंगल की आग, अवैध कटाई, वन्यजीव-मानव संघर्ष और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।

उन्होंने कहा कि वनाधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, वनाधिकार पट्टा वितरण, लघु वनोपज योजनाओं की निगरानी तथा अन्य विकास योजनाओं के संचालन में भी सुविधा होगी। इसके अलावा सरंडा क्षेत्र लौह अयस्क खनन का प्रमुख क्षेत्र होने के कारण निकट प्रशासनिक कार्यालय से पर्यावरणीय अनुपालन और वन संरक्षण की नियमित निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।उन्होंने यह भी कहा कि प्रमंडलीय कार्यालय स्थापित होने से ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार, आवागमन तथा अन्य सेवाओं के विकास को भी गति मिलेगी।

भारत आदिवासी पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि सरंडा वन क्षेत्र का प्रमंडलीय कार्यालय मनोहरपुर तथा पोड़ाहाट वन क्षेत्र का प्रमंडलीय कार्यालय सोनुवा में चाईबासा से स्थानांतरित किया जाए, ताकि वन प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Comments

और नया पुराने