हज़ारीबाग : सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत शनिवार को कटकमदाग अंचल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान के नेतृत्व में सलगा मस्जिद के समीप स्थित सरकारी तालाब (खाता संख्या-1, प्लॉट संख्या-263) पर किए गए अवैध कब्जे और चारदीवारी को जेसीबी की मदद से हटाकर तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं बनादाग में सड़क किनारे नाली पर किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर सरकारी भूमि खाली कराई गई।
यह कार्रवाई राजस्व कर्मियों और पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन ने बताया कि तालाबों और नालियों पर अतिक्रमण से जल संरक्षण, जल निकासी व्यवस्था और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने कहा कि सरकारी जमीन, तालाब, नदी और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और इसे सार्वजनिक हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
Tags
हज़ारीबाग
Comments