मानसून से पहले नाला सफाई में तेजी लाने के निर्देश, JNAC नगर आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की


जमशेदपुर: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को स्वच्छता शाखा की समीक्षा बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की बैठक में विशेष पदाधिकारी, लेखा पदाधिकारी, सिटी मैनेजर एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर सफाई कार्य सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से मानसून से पहले नाला सफाई अभियान में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी छोटी-बड़ी नालियों की नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने प्रमुख सड़कों, बाजारों, आवासीय क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं जलभराव संभावित इलाकों में विशेष अभियान चलाकर नालों से गाद और कचरे की शीघ्र सफाई करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति व कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य स्वच्छता संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई।

 नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलजमाव मुक्त बनाए रखने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इसके अलावा आगामी दिनों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नागरिकों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर भी चर्चा की गई।

Comments

और नया पुराने