हिमांशु हत्याकांड: मानगो स्थित ससुराल में पसरा मातम, 21 वर्षीय रिचा का उजड़ा सुहाग; पिता बोले— बेटी के लिए सजाया हर सपना एक पल में बिखर गया, 3 जुलाई बंद का करेंगे समर्थन


जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या के बाद उनके ससुराल मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित घर में गम का माहौल है। स्वर्गीय हिमांशु की पत्नी रिचा के पिता गणेश सिंह उर्फ राजू सिंह ने कहा कि उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ करीब एक वर्ष पहले अपनी 20 वर्षीय बेटी का विवाह हिमांशु से किया था। उन्हें विश्वास था कि उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित रहेगा, लेकिन महज 21 वर्ष की उम्र में उसकी मांग का सिंदूर उजड़ जाएगा, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी।

पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह जब शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे तो रिचा के पिता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि हिमांशु की हत्या ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। पिछले चार दिनों से घर में किसी ने ठीक से खाना तक नहीं खाया है और पूरे परिवार के साथ मोहल्ले में भी मातम का माहौल है।राजू सिंह ने कहा कि उनकी बेटी का सुहाग तो वापस नहीं आ सकता, लेकिन भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी त्रासदी न हो, इसके लिए पूरा परिवार और मोहल्ले के लोग 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।

Comments

और नया पुराने