कदमा के रामजन्म नगर में पुराने विवाद में युवक पर तीन राउंड फायरिंग, जबड़े में लगी गोली, SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब व सिटी एसपी ललित मीना ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान


जमशेदपुर: कदमा के रामजन्म नगर में तीन राउंड फायरिंग, जबड़े में गोली लगने से युवक घायल, SSP ने घटनास्थल का लिया जायजा

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर में गुरुवार को पुराने विवाद को लेकर हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, रामजन्म नगर निवासी संजय कांडी पर उसके मामा के बेटे कृष्णा सोना ने कथित तौर पर शराब के नशे में तीन राउंड फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने लगातार तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली संजय कांडी के जबड़े में जाकर फंस गई, जबकि दो गोलियां मिसफायर हो गईं। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। फरार आरोपी कृष्णा सोना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Comments

और नया पुराने