चाईबासा: शहर के मंगल बाजार में बुधवार की देर शाम मिली एक महिला की लावारिस लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र चाईबासा के गुटूसाई निवासी करीब 40 वर्षीय कांता मुंडा के रूप में हुई है। परिजनों ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की।जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम सदर थाना को सूचना मिली कि मंगल बाजार के अंदर एक महिला गिरी हुई है और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा। पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पहुंचाया।इधर, महिला के परिजन काफी परेशान थे। काफी देर बीत जाने के बाद भी कांता मुंडा घर नहीं पहुंची थीं। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान फोन के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस ने मंगल बाजार से एक महिला का शव बरामद कर सदर अस्पताल पहुंचाया है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।इसके बाद परिजन सदर थाना पहुंचे और पुलिस को बताया कि मृतका उनके परिवार की सदस्य है। वह मंगल बाजार गई हुई थीं। परिजनों ने आशंका जताई कि तबीयत खराब होने या लू लगने के कारण वह गिर गई होंगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई होगी।पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।मृतका के भसुर सोहन मुंडा ने बताया कि कांता मुंडा उनके छोटे भाई की पत्नी थीं। वे लोग चाईबासा के गुटूसाई निवासी हैं। उन्होंने बताया कि संभवतः गर्मी और लू के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी होगी, जिसके बाद वह मूर्छित होकर गिर गईं और उनकी मौत हो गई।घटना के बाद कांता मुंडा के परिवार में शोक का माहौल है। परिजन इस घटना से काफी दुखी हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Tags
चाईबासा
Comments