*रांची आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना पर भाजपा ने जताई नाराजगी, जांच और कार्रवाई की मांग*


चाईबासा: रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर बीती रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।इस मामले को लेकर चाईबासा नगर के भाजपा नगर महामंत्री रोहित कुमार दास ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों और असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक या वैचारिक संगठन के कार्यालय को निशाना बनाना चिंता का विषय है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।रोहित कुमार दास ने कहा कि झारखंड सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाती है तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा और भय का माहौल बनाने की कोशिश को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसी घटनाएं समाज में असुरक्षा का वातावरण पैदा करती हैं, इसलिए प्रशासन को निष्पक्ष तरीके से जांच कर दोषियों को सामने लाना चाहिए।बताया गया कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस को त्वरित और गहन जांच करनी चाहिए। साथ ही दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Comments

और नया पुराने