चाईबासा: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी और अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।योग प्रशिक्षक सुमित विश्वकर्मा और सोम कुमार नायक ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया।
इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, शवासन सहित विभिन्न योग आसनों और अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित कई प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन बनाए रखने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
उन्होंने महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि योग अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है।कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व और वैज्ञानिक आधार की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 10 योग मित्रों को प्रशस्ति पत्र, छात्र-छात्राओं को मेडल तथा दो योग प्रशिक्षकों, मंझारी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) में तैयार हर्बल गार्डन और जिला आयुष कार्यालय में बेहतर कार्य करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन ध्यान सत्र और शांति मंत्र के साथ हुआ।
Tags
चाईबासा
Comments