जमशेदपुर में 'वार्तालाप-2026' मीडिया कार्यशाला संपन्न, केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं व किसान सशक्तिकरण पर हुआ संवाद


जमशेदपुर:भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची द्वारा शुक्रवार को जमशेदपुर में 'वार्तालाप-2026' मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं किसान सशक्तिकरण तथा किसान सम्मान निधि" रहा। 
इसमें जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के करीब 70 पत्रकारों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान-केंद्रित पहलों और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विषयों पर मीडिया के साथ तथ्यपरक एवं सार्थक संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच निरंतर संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने जनहितकारी योजनाओं की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

तकनीकी सत्र में झारखंड दूरदर्शन समाचार इकाई के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने ड्रोन दीदी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल बताया। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेंद्र सिंह मुंडा ने वैज्ञानिक खेती और नई तकनीकों से किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर प्रकाश डाला।
पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। पद्मश्री एवं वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में सकारात्मक और उत्तरदायी मीडिया की भूमिका पर जोर दिया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने भी किसान हित से जुड़े विचार साझा किए।प्रश्नोत्तर सत्र के बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।

 इस अवसर पर पीआईबी की यंग प्रोफेशनल शिवानी कुमारी केसरी ने पीआईबी की कार्यप्रणाली पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सूचना सहायक प्रिंस कुमार, यंग प्रोफेशनल शिवेंद्र नाथ तिवारी सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Comments

और नया पुराने